Latest News

Breaking News 10 March 2026

1 ) क्या खत्म होने वाली है Iran-Israel जंग?

मिडिल ईस्ट में ईरान और इजरायल के बीच बढ़ते टकराव पर दुनिया की दो सबसे ताकतवर राजनीतिक शख्सियतों ने अचानक एक अहम कनेक्शन बनाया। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने फोन पर लंबी बातचीत की, जिसने इस पूरे संघर्ष को लेकर नई चर्चा छेड़ दी है। रूस के मास्को में स्थित सत्ता का केंद्र क्रेमलिन की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, रूस के विदेश नीति सलाहकार यूरी उशाकोव ने बताया कि इस बातचीत में पुतिन ने ईरान से जुड़ी लड़ाई को जल्द खत्म करने के लिए एक संभावित रास्ता भी सामने रखा। सोमवार को हुई यह बातचीत करीब एक घंटे तक चली और इसमें सिर्फ मिडिल ईस्ट का तनाव ही नहीं, बल्कि यूक्रेन में जारी जंग भी चर्चा का बड़ा विषय रहा। उशाकोव के मुताबिक, दिसंबर के बाद यह पहली बार था जब ट्रंप और पुतिन सीधे फोन पर जुड़े। दिलचस्प बात यह भी रही कि इस कॉल की शुरुआत अमेरिका की तरफ से की गई थी। रूसी पक्ष का कहना है कि दोनों नेताओं के बीच हुई यह चर्चा बेहद अहम रही और आने वाले समय में इससे दोनों देशों के रिश्तों और वैश्विक हालात पर असर पड़ सकता है। रूसी सूत्रों के अनुसार, बातचीत के दौरान पुतिन ने ईरान को लेकर चल रहे सैन्य तनाव को खत्म करने के लिए राजनीतिक और कूटनीतिक रास्तों की बात रखी। उन्होंने बताया कि इस दिशा में खाड़ी देशों के नेताओं, ईरान के राष्ट्रपति और कई अन्य देशों के प्रमुखों से संपर्क भी किया गया है। वहीं दूसरी ओर ट्रंप ने अमेरिका और इजरायल की सैन्य कार्रवाई से जुड़े हालात का अपना विश्लेषण सामने रखा। उशाकोव ने इस पूरे संवाद को “महत्वपूर्ण और बेहद उपयोगी विचारों का आदान-प्रदान” बताया। फोन कॉल में यूक्रेन का मुद्दा भी पीछे नहीं रहा। उशाकोव के मुताबिक ट्रंप का मानना है कि यूक्रेन में जारी संघर्ष को जल्द खत्म करना अमेरिका के हित में है। इसके लिए युद्धविराम और एक स्थायी समझौते की दिशा में कदम बढ़ाने की जरूरत है। उन्होंने यह भी कहा कि मौजूदा हालात में रूसी सेनाएं मोर्चे पर बढ़त बनाती नजर आ रही हैं, और यह स्थिति कीव की सरकार को बातचीत की मेज पर आने के लिए मजबूर कर सकती है। इस बातचीत में एक और दिलचस्प मुद्दा भी उठा वैश्विक तेल बाजार का, दोनों नेताओं ने वेनेज़ुएला की स्थिति और उसके असर पर भी चर्चा की। दुनिया के कई बड़े संकटों को लेकर दो महाशक्तियों के बीच रणनीतिक मंथन की तरह देखी जा रही है आगे अपडेट जानने के लिए जुड़े रहें ग्रेट पोस्ट न्यूज़ से।