मुंबई की चमकती रात, रेड कार्पेट, सितारों की भीड़… और बीच में एक ऐसा अवार्ड शो, जो सम्मान से ज्यादा सवालों का मंच बन गया। चेतक स्क्रीन अवार्ड्स 2026 मंच पर हसी मजाक और कुछ डायलॉग्स ने सीधे बॉलीवुड की नसों पर वार कर दिया। और फिर जो हुआ, उसने इस पूरे इवेंट को अवार्ड शो से उठाकर नेशनल डिबेट बना दिया। सब कुछ सामान्य चल रहा था, जब तक स्टेज पर आए जाकिर खान। उन्होंने फिल्म धुरंधर की सफलता पर बात शुरू की, लेकिन बात मज़ाक से आगे बढ़कर तंज में बदल गई। उन्होंने कहा सब लोग बधाई दे रहे हैं, लेकिन अंदर से जल रहे हैं। और फिर एक लाइन बोली Bombs फिल्म में फूटे, धुआं Bandra-Juhu में उठा, यही वो चिंगारी थी, जिसने पूरे शो को विवाद की आग में झोंक दिया। यह लाइन सिर्फ एक जोक नहीं थी, बल्कि सीधे तौर पर बॉलीवुड के उस एलीट सर्कल पर हमला मानी गई, जो बांद्रा और जुहू की लाइफस्टाइल से जुड़ा है। सोशल मीडिया तुरंत दो हिस्सों में बंट गया एक पक्ष ने इसे सच बोलने की हिम्मत बताया, तो दूसरा इसे इंडस्ट्री का अपमान कहने लगा। मामला यहीं नहीं रुका। कुछ ही देर में फिल्म निर्देशक सिद्धार्थ आनंद ने सोशल मीडिया पर तीखा जवाब दिया। उनका कहना था कि जिस इंडस्ट्री ने दशकों तक लोगों को स्टार बनाया, उसी का मजाक उड़ाना अकृतज्ञता है। उनके बयान ने इस बहस को और हवा दी और अब ये इनसाइडर बनाम आउटसाइडर की बहस में बदल गया है। इसी बीच, शो की होस्टिंग संभाल रहीं आलिया भट्ट भी सोशल मीडिया के निशाने पर आ गईं। पहली बार इतने बड़े मंच पर होस्टिंग कर रहीं आलिया की कॉमिक टाइमिंग और प्रेजेंटेशन को लेकर यूजर्स ने जमकर ट्रोल किया। क्रिंज, फ्लैट, ओवरएक्टिंग ऐसे शब्द ट्रेंड करने लगे। कई क्लिप्स वायरल हुईं, जिनमें ऑडियंस का ठंडा रिएक्शन साफ दिख रहा था। यानी, एक तरफ स्टेज पर तंज से पैदा हुआ विवाद, और दूसरी तरफ कमजोर एंकरिंग इन दोनों ने मिलकर पूरे शो को असहज और बिखरा हुआ अनुभव बना दिया। असल सवाल यह है कि इतना बड़ा बवाल क्यों हुआ? जवाब सीधा है यह टकराव था दो सोचों का। एक तरफ था नया, बेबाक और बिना फिल्टर वाला कॉमेडी स्टाइल, जो सच्चाई को सीधे कहता है। दूसरी तरफ थी बॉलीवुड की वह परंपरा, जहाँ मंच पर सब कुछ संयमित और संतुलित रखा जाता है। जब ये दोनों टकराए, तो नतीजा विवाद ही होना था। इसके अलावा, सोशल मीडिया ने इस आग में घी डालने का काम किया। हर लाइन, हर एक्सप्रेशन, हर रिएक्शन सब कुछ सेकंडों में वायरल हुआ और लोगों ने अपने-अपने हिसाब से उसे जज किया। जो बात शायद एक हॉल तक सीमित रह सकती थी, वह देशभर की बहस बन गई। अगर पूरे मामले को संतुलित नजरिए से देखें, तो तस्वीर थोड़ी साफ होती है। Zakir Khan ने जो कहा, वह इंडस्ट्री की एक हकीकत को छूता है, लेकिन मंच और मौके के हिसाब से उसकी भाषा और टोन विवादित हो सकती है। वहीं, सिद्धार्थ आनंद का गुस्सा इंडस्ट्री के सम्मान की रक्षा जैसा लगता है, लेकिन उनकी प्रतिक्रिया भी उतनी ही तीखी थी। और Alia Bhatt की बात करें, तो उनकी परफॉर्मेंस में कमी जरूर रही, लेकिन यह भी सच है कि इतने बड़े मंच पर पहली बार होस्टिंग करना आसान नहीं होता।